AAP विधायक, रेप के आरोपी हरमीत सिंह पुलिस कस्टडी से फरार, कांस्टेबल को मारी गोली, स्कॉर्पियो चढ़ाई

Chandigarh: पंजाब में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को बलात्कार के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन वह पंजाब पुलिस की हिरासत से फरार हो गया। इस दौरान उसने एक कांस्टेबल को गोली मार दी और उसे स्कॉर्पियो से कुचलने की कोशिश की।

रेप के आरोपी हरमीत सिंह पठानमाजरा आप के बागी विधायक हैं। आप विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा पर सोमवार रात बलात्कार के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। सनौर से विधायक ने पंजाब में आई बाढ़ को लेकर पार्टी के दिल्ली नेतृत्व और जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव कृष्ण कुमार की आलोचना की थी। इसके कुछ घंटों बाद मंगलवार सुबह हरियाणा में मौजूद पठानमाजरा कथित तौर पर एक सफेद एसयूवी में पंजाब पुलिस की एक टीम को चकमा देकर भाग निकले थे। इसके बाद पुलिस उनकी खोजबीन में जुटी थी।

पठानमाजरा की कथित पूर्व पत्नी द्वारा सोमवार रात 10.17 बजे पटियाला के सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में मामल दर्ज कराया था। इसमें कहा गया है कि पठानमाजरा ने 12 फरवरी, 2014 से 12 जून, 2024 के बीच बलात्कार किया था। विधायक पर भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 420 और 506 के तहत बलात्कार, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पठानमाजरा के सहयोगी ने कहा कि उन्हें सुबह हरियाणा के करनाल में उनके रिश्तेदारों के गांव डाबरी से गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस सूत्रों ने दावा किया कि जब निवासियों ने पुलिस को उन्हें गिरफ्तार नहीं करने दिया, तो विधायक एक सफेद एसयूवी में भाग गए। उन्होंने कहा कि हंगामे के दौरान गोलियां भी चलीं और एक पुलिस अधिकारी घायल हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार पंजाब पुलिस की टीम अब हरियाणा पुलिस के संपर्क में है ताकि पठानमाजरा के खिलाफ एक पुलिसकर्मी पर गोली चलाने और उसे घायल करने का एक और मामला दर्ज किया जा सके। पुलिस के अनुसार केस दर्ज होने के बाद पठानमाजरा ने करनाल के डाबरी गांव में एक रिश्तेदार के घर शरण ली थी।